नाथपा के लोगों को जल्द मिलेगी सड़क
सांगला (किन्नौर)। निचार खंड का नाथपा गांव जल्द सड़क सुविधा से जुड़ेगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। नाथपा के गर्म पानी से लेकर नाथपा गांव तक 9 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य इन दिनों जोरों पर चल रहा है। इस कार्य को देख क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। सड़क से जुड़ने के बाद किन्नौर के निचार खंड के नाथपा और काचरंग के करीब डेढ़ हजार की आबादी को इससे लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत चल रहे इस सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ 88 लाख रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। इन दिनों लोक निर्माण विभाग की ओर से युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग भावानगर के एक्सईएन पीसी नेगी ने बताया कि विभाग 31 मई तक नाथपा गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। विभाग युद्धस्तर पर सड़क निर्माण कर रहा है। नाथपा पंचायत प्रधान अंजना नेगी, यशोदा देवी नेगी, सुखदेव नेगी, अनिल नेगी, दीवान नेगी, अमीर चंद नेगी, जगदेव नेगी, प्रेम लता नेगी, सत्या देवी नेगी, नीलम नेगी सहित क्षेत्र के अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार और लोनिवि का आभार प्रकट किया है।