ब्रौ (रामपुर बुशहर)। एसजेवीएनएल की ओर से जगातखाना स्थित पुलिस थाना ब्रौ को दी जाने वाली वित्तीय सहायता 31 मार्च से बंद करने को लेकर नोटिस जारी कर दिया है। अगर ऐसा किया गया तो पुलिस थाना बंद हो सकता है। इससे निरमंड खंड की आठ पंचायतों के हजारों लोगों में रोष है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और भाजपा मंडल ने भी इसका विरोध किया है। मुख्यमंत्री के आनी दौरे के दौरान इस मामले को प्रमुखता से उठाया जाएगा और इस पुलिस थाने को यहीं रखने की मांग भी की जाएगी।
एसजेवीएनएल का प्रदेश और केंद्र सरकार के साथ एमओयू हुआ है। इसके अनुसार प्रभावित पंचायतों का संरक्षण, मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना एसजेवीएनएल की जिम्मेदारी होगी। यदि ऐसे में एसजेवीएन फैसले को वापस लेता है तो जगातखाना से थाना बंद होगा। इसके चलते क्षेत्र की जनता को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं के बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है। थाना न होने से क्षेत्र के लोग सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे। इसके अलावा क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था पर भी इसका विपरीत असर पड़ेगा। हालांकि जहां इन दिनों ही क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई है, वहीं आने वाले समय में यह समस्या और अधिक बढ़ जाएगी। क्षेत्र में हादसों में भी इजाफा हो सकता है। एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को पुलिस थाना ब्रौ के प्रभारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जगातखाना, ब्रौ में बेतरतीब तरीके से गाड़ियों की पार्किंग का मुद्दा पहले ही गरमाया है। ऐसे में कुछ माह बाद चाटी पुल से भी वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। पुलिस थाने की व्यवस्था न होने से यहां जाम और हादसों में इजाफा हो सकता है। भाजपा मंडल महामंत्री जीवन चौहान, भोलादत्त गुप्ता, प्रताप ठाकुर, नेसू राम विमल, बृजलाल ठाकुर, सुरेश चंद, श्याम गौतम, जय सिंह चौहान, संगतराम ठाकुर, मोहन लाल, पूर्ण चंद, बालकृष्ण, मोहर सिंह, दिलसुख ठाकुर, कुशाल चौहान, जगत राम, रंजीत ठाकुर, ओम ठाकुर, बालक राम, लोकेंद्र सिंह ने कहा कि पहले ही एसजेवीएनएल ने रामपुर प्रोजेक्ट का पैसा दूसरी जगह खर्च कर प्रभावित पंचायतों की जनता के साथ सौतेला व्यवहार किया है। प्रोजेक्ट से इन आठ पंचायतों का पहले ही भारी नुकसान हुआ है, जो अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आनी दौरे के दौरान ब्रौ पुलिस थाना को यही पर रखने की पुरजोर मांग उठाई जाएगी। उधर, आनी के नए डीएसपी रोहित मृगपुरी ने बताया कि इस बारे में उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है।