जुब्बल। अधिकारियों की गैर मौजूदगी से जुब्बल-कोटखाई पंचायत समिति की बैठक बेनतीजा रही। समिति के सदस्यों ने बैठक में प्रस्ताव पारित कर प्रमुख विभागों के अधिकारियों से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। जुब्बल-कोटखाई पंचायत समिति की बैठक बुधवार को अध्यक्ष प्रज्जवल बस्टा की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में जन समस्याओं पर चर्चा हुई। लेकिन अधिकारियों के उपस्थित न होने के कारण उनका समाधान नहीं हो सका। इस पर समिति के सभी सदस्यों ने रोष व्यक्त किया। सदस्यों ने कहा कि पहले से समिति की बैठक को विभागों के अधिकारी प्राथमिकता नहीं दे रहे। बैठक में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, तहसील कार्यालय जुब्बल व कोटखाई, लोक निर्माण विभाग व पुलिस विभाग से कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। बैठक में तीन साल के आय-व्यय, विकास कार्य व पंचायतों में चल रहे मनरेगा के कार्य की समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि बैठक में अधिकारियों की गैर मौजूदगी के कारण लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने इस मामले में उच्च अधिकारियों से पहल करने की मांग की है। बैठक में समिति के कार्यकारी अधिकारी एवं बीडीओ जुब्बल भगत वर्मा, समिति उपाध्यक्ष संदीप सेहटा, महावीर सिंह, विजय चौहान, इंद्र धांटा, विनीत गाजटा, प्रभुदयाल चौहान, ओम प्रकाश चौहान, कांता दिवान, इंदू दिवान, सुनीता, दलीप, सत्या, अनिल, सुकन्या, सुषमा श्याम, सुमन चौहान, पवित्रा मंजू डोगरा, यशोदा, पंचायत निरीक्षक किशोर भारद्वाज उपस्थित रहे।