किन्नौरी, पहाड़ी और लद्दाखी गानों पर झूमे विद्यार्थी
बटसेरी स्कूल में रही वार्षिक समारोह की धूम
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ(किन्नौर)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बटसेरी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में आईटीबीपी 50वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट मस्तरंग ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। समारोह का शुभारंभ मुख्यातिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्राओं ने सरस्वती वंदना गाकर की।
मुख्यातिथि ने कहा कि किन्नौर की संस्कृति की देश और प्रदेश में अलग पहचान है। इस सांस्कृतिक धरोहर को बचाए और बनाए रखना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने युवा वर्ग से नशे से दूर रहने का भी आह्वान किया।
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने समूहगान, देश भक्ति गीत और एकल गान प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति भरा बना दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने किन्नौरी, पहाड़ी और लद्दाखी नृत्यों पर प्रस्तुतियां देकर सभागार में मौजूद लोगों का खूब मनोरंजन किया। स्कूल के प्रधानाचार्य गंगा चंद नेगी ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ कर स्कूल में वर्ष भर आयोजित शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों का ब्योरा दिया। समारोह के अंत में मुख्यातिथि शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर बटसेरी पंचायत प्रधान प्रधान, युवक मंडल, सहकारी बैंक शाखा प्रबंधक, शिक्षक और अभिभावकों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई।