रामपुर बुशहर।
जनजातीय क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए रामपुर के खनेरी के पास बन रहे जनजातीय भवन का निर्माण कार्य पिछले छह साल में शिलान्यास से आगे नहीं बढ़ा। जनजातीय भवन के निर्माण पर सियासत हो रही है। पूर्व भाजपा सरकार ने बजट प्रावधान किए बिना 11 नवंबर, 2011 को जनजातीय भवन का शिलान्यास कर दिया था। इसके बाद आज दिन तक भवन की बुनियाद तक नहीं रखी जा सकी। न ही जनजातीय भवन बनाने के लिए कोई औपचारिकता पूरी की गई।
कांग्रेस सरकार ने भी सत्ता में आने के बाद इस भवन की सुध नहीं ली। रामपुर में जनजातीय भवन का निर्माण आज दिन तक शुरू नहीं हो सका। जनजातीय क्षेत्र के लोग पिछले कई सालों से रामपुर में जनजातीय भवन बनाने के लिए मांग कर रहे हैं। लोगों की मांग को देखते हुए भाजपा सरकार ने भवन का शिलान्यास किया था। इस भवन के बनने से किन्नौर और लाहौल स्पीति के लोगों को सीधे फायदा होना था। लाहौल स्पीति, किन्नौर में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा बेहतर न होने से अधिकतर लोग रामपुर क्षेत्र का रुख करते हैं। सर्दियों के दौरान किन्नौर में ज्यादा बर्फ पड़ने से रामपुर काम से आने वाले लोगों को भी भारी भरकम पैसे देकर निजी होटलों में रहना पड़ता है। इससे गरीब लोगों को अधिक परेशानी होती है। भाजपा ही नही, बल्कि कांग्रेस सरकार ने भी सत्ता में आने के बाद जनजातीय लोगों की सुविधा के लिए बन रहे भवन को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। सरकार ने भवन का काम शुरू नहीं करवाया, जिससे लोग सुविधा से वंचित हैं।
कई बार भेजे प्रस्ताव, नहीं मिला बजट : केके
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन केके कौशल का कहना है कि वर्तमान सरकार के पास भी जनजातीय भवन बनाने के लिए कई प्रस्ताव भेजे पर बजट नहीं आया। बजट न आने से निर्माण लटका हुआ है। पूर्व भाजपा सरकार ने सिर्फ टोकन मनी 50 हजार रुपये दिए थे। जनजातीय भवन बनाने के लिए कोई बजट प्रावधान नहीं किया गया। इससे जनजातीय भवन का निर्माण कार्य अटका हुआ है।
कांग्रेस ने बनाई थी योजना : जगत
विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने कहा कि रामपुर में जनजातीय भवन बनाने की योजना कांग्रेस सरकार ने बनाई थी। इसके लिए कांग्रेस सरकार ने जमीन का प्रावधान करके दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय भवन के अलावा रामपुर कॉलेज में जनजातीय छात्रावास में कई सुविधा दी गई हैं। आने वाले समय में बजट प्रावधान होने पर जनजातीय भवन का निर्माण करेंगे।
जनजातीय क्षेत्रों के लोगों की अनदेखी
पूर्व विधायक तेजवंत नेगी ने बताया कि कांग्रेस सरकार हमेशा जनजातीय क्षेत्रों के लोगों की अनदेखी करती है। जनजातीय भवन के लिए भाजपा सरकार ने बजट का प्रावधान कर शिलान्यास किया। लेकिन कांग्रेस सरकार ने इन पांच सालों में जनजातीय लोगों के लिए कुछ नहीं किया।
भवन का निर्माण होना जरूरी
कुन्नू चारंग के निवासी आनंद नेगी ने बताया कि रामपुर क्षेत्र में जनजातीय भवन का निर्माण होना जरूरी है। लेकिन आज तक किसी सरकार ने जनजातीय भवन का निर्माण नहीं किया। उन्होंने मांग की है कि जल्द भवन का निर्माण किया जाए। लियो के निवासी शेर सिंह नेगी ने बताया कि किन्नौर जिले में कई दुर्गम क्षेत्रों में छह महीने भारी बर्फबारी होने के कारण लोगों को विभिन्न कार्यों से रामपुर आना पड़ता है। यहां पर उनको रहने के लिए भवन की उचित सुविधा नहीं है।