अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)।
आनी क्षेत्र में गर्मी आने के साथ जल संकट गहराना शुरू हो गया है। आनी और तलुणा पंचायत के कई गांव बीते करीब दो सप्ताह से पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों को करीब आठ किमी दूर आनी बाजार में लगे हैंडपंपों से पानी लाना पड़ रहा है। इसके लिए लोगों को वाहनों को भारी भरकम पैसे देने पड़ रहे हैं। कंडागई से आने वाली मुख्य पाइप लाइन कई दिनों से टूटी है। इससे वहां पर पानी व्यर्थ बह रहा है। इसके अलावा कई जगह लोगों को पानी नहीं मिलने से दिक्कत हो रही है।
आनी और तलुणा पंचायत के थबोली, मातल, चैकी, दशोग, कोपटू, निशानी, बरगेईधार, ओलवा आदि गांव के राज कुमार, पदम सिंह, रामस्वरूप, ओम प्रकाश, एलआर अग्रवाल, ताबेराम, संजय कुमार, सोनू, हेमराज, नूतन, अमरचंद, भगवानदास, सतपाल, हुक्मचंद का कहना है कि उनके क्षेत्र के लोग पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। समस्या से निजात दिलाने के लिए उन्होंने आईपीएच विभाग से कई बार मांग उठाई, जिसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। एलआर अग्रवाल का कहना है कि विभाग की ओर से पानी का सही आवंटन नहीं हो रहा है। कुछ जगह ठीक सप्लाई और कई गांवों में पानी की बूंद तक नहीं पहुंच रही है। ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खडे़ किए। लोगों का कहना है कि विभाग समय रहते पानी की पाइप लाइन ठीक नहीं कर रहा। कई लोग पाइप तोड़कर सेब स्प्रे के लिए पानी भर रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। शाई महिला मंडल की प्रधान मोनिका ने कहा कि जल्द समस्या का हल नहीं हुआ तो विभाग से मिलकर शिकायत की जाएगी। आनी बाजार के नया बस स्टैंड मोहल्ला के रामस्वरूप, सुरेंद्र कुमार, शिव राज, मनसा राम, सुख राम, रोहित प्रसाद आदि ने बताया कि कई माह से चार और पांच दिन के बाद पानी मिल रहा है। विभाग उनकी समस्या को सुनने के लिए तैयार नहीं है। उधर, आईपीएच विभाग दलाश सब डिवीजन के एसडीओ नरेंद्र नेगी का कहना है कि जेई के प्रशिक्षण कार्यक्रम में जाने से यह समस्या आई है। उन्होंने कहा कि जल्द समस्या का हल किया जाएगा।