जुब्बल (राहेड़ू)। युवा विकास मंडल भटाड़ के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में डॉ. ब्रह्मानंद शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर विजेता तथा उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक टीमों ने भाग लिया।
क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भटाड़ व संसोग की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर संसोग ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। संसोग की टीम निर्धारित आठ ओवरों में मात्र 35 रनों के स्कोर पर ढेर हो गई। भटाड़ की टीम ने सात ओवरों में पांच विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य पा लिया। भटाड़ ने पांच विकेटों से संसोग को पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। प्रतियोगिता के मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भटाड़ टीम के लबली शर्मा को दिया गया। बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार भटाड़ टीम के संजय शर्मा को दिया गया। बेस्ट गेंदबाज भटाड़ टीम के ही मोहिंद्र शर्मा बने। बेस्ट विकेट कीपर संसोग टीम के कुशाल रांटा चुने गए। बेस्ट फिल्डर भटाड़ टीम के सौरव शर्मा को चुना गया। इस दौरान युवा विकास मंडल के प्रधान प्रमोद कुमार शर्मा, उप प्रधान गिरिलाल शर्मा, सचिव भरत भूषण, राधे लाल शर्मा, आत्मा राम, रामानंद शर्मा, गीता राम, गोपीनंद शर्मा सहित युवा मंडल के सभी सदस्य उपस्थित रहे।