कोटखाई (रोहड़ू)। बाजार कोटखाई में सड़क के किनारे खोदी गई गहरी नालियां स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। लोनिवि ने नालियों के निर्माण का कार्य अधर में लटकाया है। खोदी गई नालियों से वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। साथ ही बाजार में रोज घंटों जाम लग रहा है। बाजार में राहगीरों को चलना मुश्किल हो गया है। लचर व्यवस्था के प्रति स्थानीय लोगों में भारी रोष है। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
कोटखाई बाजार में सड़क के किनारे पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग ने एक माह पूर्व नालियों का निर्माण शुरू किया था। सड़क के किनारे गहरी व चौड़ी नालियां खोदी गई हैं। लेकिन कुछ दिनों से निर्माण कार्य बंद पड़ा हुआ है। नालियों का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। नालियों में वाहन भी फंस रहे हैं। निर्माणाधीन नालियों के कारण गाड़ियों की पासिंग के लिए स्थान नहीं है। नगर पंचायत कोटखाई की अध्यक्ष शारदा वर्मा, पार्षद रिशा देवी, पिकअप यूनियन के प्रधान धीरज बरागटा, अमित नंदा, राजकुमार शर्मा, रिंकू घाल्टा, कैलाश घाल्टा ने बताया कि नालियों का निर्माण अधर में लटका हुआ है। सड़क के किनारे गहरी व चौड़ी नालियां खोदी गई हैं। इससे वाहनों की आवाजाही में मुश्किलें पेश आ रही हैं। कई वाहन इन नालियों में फंस कर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने मांग उठाई है कि शीघ्र ही नालियों का निर्माण कर सड़क को ठीक किया जाए।
सड़क बंद की मांगी है स्वीकृति : अतुल
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अतुल चौहान ने बताया कि बाजार में नालियों के निर्माण के लिए सड़क को कुछ दिन के लिए बंद करने की स्वीकृति मांग गई है। जैसी ही मंजूरी मिलती है तो कार्य पूरा किया जाएगा।