रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर के तहत आने वाले पिप्टी क्षेत्र में मंगलवार शाम को अचानक बिजली की हाई वोल्टेज ने कई घरों में विद्युत उपकरणों को जला दिया। इस वोल्टेज से क्षेत्र के दर्जनों लोगों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को पिप्टी में हाई वोल्टेज से कॉलोनी में लोगों के बल्ब, टीवी, फ्रिज, गीजर, एलईडी, हीटर और कई अन्य उपकरण जल गए। बिजली के तार में अचानक धमाका हुआ और देखते ही देखते विद्युत उपकरणों के जलने के कारण धुआं उठने लगा। पिप्टी क्षेत्र के विनोद चौहान, चुन्नीलाल परशेटका, निशीकांत, शशिकांत, रंजीत, मीना कुमारी, नरेश नेगी, जय सिंह, आरआर नेगी, विजय नेगी, राजू मेहता, राजीव मेहता सहित अन्य लोगों का बिजली से जड़ा सामान जल गया। अब सभी लोगों ने विद्युत बोर्ड से मुआवजे की मांग की है। लोगों का कहना है कि उनके लाखों रुपये के विद्युत उपकरण जल गए हैं। इसके नुकसान की भरपाई कौन भरेगा। उधर, विद्युत बोर्ड रामपुर के अधीक्षण अभियंता आरके ठाकुर ने कहा कि इस तरह की सूचना आई है। मौके पर संबंधित अधिकारी को भेजा गया है।