कोटखाई में जेसीबी से सड़क को बहाल करते लोनिवि के कर्मचारी।
रामपुर/ननखड़ी/ज्यूरी/डंसा। बर्फबारी ने नेशनल हाईवे पांच नारकंडा सहित रामपुर उपमंडल के 6 बस रूटों पर पूरी तरह ब्रेक लगा दी है। हिमपात से रामपुर के दरकाली, खमाडी, ननखड़ी, चंडी-ब्रांडा, कुल्लू और मंडी रूट पर निगम की बसों के पहिये थम गए हैं।
उपमंडल के 108 रूटों में से 27 रूटों पर आधे रास्ते तक ही निगम की बसों की आवाजाही हो रही है। अड्डा प्रभारी रामपुर भाग चंद ने कहा कि बर्फबारी से छह रूट प्रभावित हो गए हैं। जहां तक संभव है, बसों को लोगों की सुविधा के लिए भेेजा जा रहा है। वहीं, ननखड़ी में भी बर्फबारी से दर्जनों ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग ननखड़ी के एसडीओ बृजलाल ने कहा कि बर्फबारी से बाधित सड़कों को बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। वहीं, सराहन में 15 सेंटीमीटर तक बर्फबारी दर्ज की गई है।
मां भीमाकाली मंदिर परिसर का बर्फबारी के बाद मनोरम दृश्य बना हुआ है। मंदिर और सराहन के बाजार सहित पूरा क्षेत्र बर्फ से ढक गया है। सराहन के उपप्रधान सोहन पानटु ने बताया कि बागवानी के लिए बर्फबारी बहुत जरूरी थी। वहीं, नोग वैली में बर्फबारी कृषि और बागवानी के लिए संजीवनी साबित होगी। बर्फबारी से जहां एक ओर किसान-बागवान गदगद हैं, वहीं दूसरी ओर ऊपरी क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था ठप हो गई है। प्रगतिशील बागवान पवन, लायक राम, सूरज, दिनेश कायथ, बंसी लाल, सुंदर सिंह, छतर सिंह, गोवर्धन, गोविंद कायस्थ, जगत सिंह आदि ने हिमपात को बागवानी के लिए फायदेमंद बताया।