भाषण स्पर्धा में अंकुश ने मारी बाजी
खटनोल स्कूल में नशा निवारण संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित
विद्यार्थियों ने रैली निकाल कर दिया नशामुक्ति का संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खटनोल में नशा निवारण संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। स्कूल में आयोजित भाषण, चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। भाषण प्रतियोगिता में दसवीं कक्षा के अंकुश ने पहले स्थान पर बाजी मारी। वहीं 12वीं कक्षा की सोनिया ने दूसरा और 12वीं कक्षा की साक्षी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला और नारा लेखन में सपना चंदेल ने पहला, ज्योति ने दूसरा और भारती ने तीसरा स्थान हासिल किया।
नशा निवारण के तहत छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में नशा निवारण संबंधी एक जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से छात्राओं ने इलाके के लोगों को नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर पाठशाला के प्रधानाचार्य राहुल शर्मा ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति का संदेश देते हुए बुरी आदतों से दूर रहने का आह्वान किया। इस नशामुक्ति अभियान में स्कूल के शिक्षकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।