दुर्गा अष्टमी पर किया शस्त्र पूजन
सत्यनारायण मंदिर में विश्व हिंदू परिषद का कार्यक्रम आयोजित
मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी हितचिंतक अभियान का किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। विश्व हिंदू परिषद जिला रामपुर की ओर से श्री सत्यनारायण मंदिर में दुर्गा अष्टमी और शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रामपुर, ननखड़ी, कोटगढ़, आनी और निरमंड से कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष सुरेश मेहता ने की। उन्होंने दुर्गा अष्टमी और शस्त्र पूजन के बारे में कार्यकर्ताओं को विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार जताया गया, जिन्होंने इलाहाबाद का नाम बदल कर प्रयागराज रखा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि 400 वर्ष बाद इतिहास बदलकर योगी ने हिंदू धर्म को महत्व देते हुए यह ऐतिहासिक फैसला लिया है। परिषद ने उम्मीद जताई है कि देश में मुगलों और अंग्रेजों के राज में बदले गए शहरों और धार्मिक स्थलों के नाम को पुन: प्राचीन नाम दिया जाए।
सुरेश मेहता ने कहा कि नारी अबला नहीं, सबला है। भारत में मातृशक्ति का सम्मान करना, हिंदुओं परंपरा रही है। इसलिए विश्व हिंदू परिषद हिंदू युवतियों में आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था करता है। सेवा, सुरक्षा, संस्कार इस पर आधार मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी सक्रिय है। इस दौरान मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी हितचिंतक अभियान 2018 का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत बहन, बेटियों, मातृ और शक्तियनों को सदस्य बनाया जाएगा। केंद्रीय ग्राम स्वराज मंच अधिकारी कुमारी अनीता ने कहा कि यदि हमारे हिंदू समाज पर कोई खतरा मंडराता है, तो हमें भी अपने देवी-देवताओं की तरह हथियार उठाने होंगे।
इस मौके पर डॉ. संजय शर्मा, विभाग धर्म प्रसार प्रमुख दुर्गा सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष रवि मेहता, जिला मंत्री पुरवदेव शर्मा, सत्संग प्रमुख नितेश सहमंत्री, सुरेश शर्मा, अध्यक्ष ननखड़ी हेमराज, उपाध्यक्ष रामपुर प्रखंड मूलराज ठाकुर उपाध्यक्ष निरमंड सुंदर सिंह टेगौर, योगराज, पूनम, गीता, ममता, अनु, अंचल, तिलक राज सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।