अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बश्ुाहर।
ज्यूरी हाइड्रो प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन ने समय पर वेतन न मिलने के विरोध में सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन के उपाध्यक्ष आलोक जिस्टू और विजय खन्ना ने कहा है कि ज्यूरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रबंधक को हर महीने समय पर वेतन न मिलने के विषय में मौखिक और लिखित रूप में कई बार बताया गया। इसके बाद भी 20 तारीक से पहले वेतन नहीं मिला, जबकि कानूनी रूप से हर महीने सात तारीख से पहले वेतन का भुगतान करना पड़ता है।
समय पर वेतन न मिलने के कारण मजदूरों को हर माह आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन ने आरोप लगाया है कि एक तरफ कंपनी के वर्कर को हर महीने छह तारीक से पहले वेतन दिया जाता है, दूसरी ओर ठेकेदारों के मजदूरों को 20 तारीक से पहले वेतन नहीं मिलता है। मजदूरों की सुरक्षा का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है। मजदूरों को जो कमरे दिए गए हैं, वो ठहरने के लायक नहीं है। मजदूरों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों का उल्लंघन किया जा रहा है। क्षेत्रीय कमेटी सचिव कुलदीप ने कहा कि यदि कंपनी समय रहते वेतन का भुगतान नहीं करेगी तो आंदोलन तेज होगा। रमेश कायथ, सुनील, बबलू, वीरू आदि ने संबोधित किया।