रोहड़ू।
अंतरराष्ट्रीय स्नो बोर्ड स्पर्धा को देखने के लिए रविवार को चांशल घाटी में हजारों लोग मौजूद रहे। सैकड़ों की संख्या में वाहन चांशल में पहुंचे हुए थे। अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में मंत्री के दौरे के दौरान पूरी तरह से अव्यवस्था का आलम रहा। इससे बाहरी राज्यों से आए खिलाड़ियों सहित स्थानीय लोगों को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस की ओर से भी ट्रैफिक व्यवस्था देखने के लिए जवान चांशल घाटी में तैनात किए गए थे। लेकिन स्पर्धा के समापन पर जैसे ही लोेग वापस जाने लगे तो लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। इसी बीच शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज का वाहन भी काफी देर तक जाम में ही फंसा रहा। हालांकि पुलिस के जवान दिन भर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास करते रहे। लेकिन मौके पर तैनात पुलिस के जवानों की कम संख्या के कारण जाम को खोलने में काफी समय लग गया।