कुमारसैन में संत निरंकारी मिशन ने किया शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। कुमारसैन में संत निरंकारी मिशन की ओर से सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मिशन के 42 लोगों ने रक्तदान किया। रक्त एकत्रित करने के लिए खनेरी अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम मौके पर मौजूद रही। शिविर का शुभारंभ जोनल इंचार्ज एवं ज्ञापन प्रचारक जोन नंबर पांच शिमला कैप्टन एनपीएस भुल्लर ने किया। उन्होंने रक्तदान शिविर में सम्मिलित हुए सभी रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया और जनकल्याण को समर्पित उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन मानवता के कल्याण के लिए ऐसी अनेकों प्रकार की सेवाएं अर्पित कर रहा है। इसके अतिरिक्त संयोजक रामपुर धनीराम और मुखी कुमारसैन सुरेश कुमार ने रक्तदान शिविर में उपस्थित सभी लोगों, रक्तदाताओं, डॉक्टर और उनकी टीम का आभार जताया। उन्होंने बताया कि संत निरंकारी मिशन रक्तदान करने में समूचे देश में अग्रणी रहा है। मिशन की ओर से अभी तक 8070 से अधिक रक्तदान शिविरों के आयोजन से 13,76,000 से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है। संत निरंकारी मिशन आध्यात्मिक उत्थान के साथ-साथ कई समाज कल्याण सेवाओं में भी शामिल है। इनमें मुख्यत: रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, महिला एवं बाल विकास सशक्तिकरण के लिए सुचारू रूप से चलाई जा रही योजनाएं, नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर और प्राकृतिक आपदाओं में जरूरतमंदों की सहायता इत्यादि सेवाएं सम्मिलित हैं। इससे समाज का समुचित विकास हो सके।