सीमा कॉलेज में युवा महोत्सव आयोजित
रोहडू। सीमा कॉलेज में युवा महोत्सव के तीसरे दिन एकांकी मंचन के दौरान छात्रों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीमा में चल रहे युवा महोत्सव समूह चार के तीसरे दिन वीरवार को डीएसपी रोहड़ू अनिल शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
युवा महोत्सव समूह चार के तीसरे दिन दोपहर तक पांच महाविद्यालयों के प्रतिभागी छात्रों ने एकांकी का मंचन कर अपनी कला के प्रदर्शन किया। जिसमें राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर, कुल्लू कॉलेज, सोलन कॉलेज, हिमाचल प्रदेश सांध्य कालीन महाविद्यालय शिमला व चंबा कॉलेज के प्रतिभागी छात्रों ने सीमा कॉलेज सभागार में उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वीरवार को युवा महोत्सव की प्रस्तुतियों में मुख्य आकर्षण का केन्द्र राजकीय महाविद्यालय चंबा रहा। चंबा कॉलेज के छात्रों ने एकांकी के माध्यम से सांप्रदायिक दंगों के दुष्प्रभाव को दर्शाया। संध्याकालीन महाविद्यालय शिमला के प्रतिभागी छात्रों ने गुरू शिष्य के बीच तनाव को एकांकी के माध्यम से पेश कर दर्शकों को रोमांचित किया।