अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)।
किन्नौर जिले के चगांव नाले में बुधवार शाम को भेड़ें चराने गए एक व्यक्ति की अचानक पैर फिसलने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस थाना टापरी से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम के समय एक व्यक्ति चगांव नाले के आसपास अपनी भेड़ बकरियां चरा रहा था। चगांव नाले के पास अचानक उसका पैर फिसल गया और वह रास्ते से करीब 15 मीटर नीचे नाले में जा गिरा। घायल अवस्था में ग्रामीणों ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी टापरी पहुंचाया। यहां से उसे उपचार के लिए छोलतू अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान प्रीतम चंद की मौत हो गई और चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रीतम चंद नेगी (50), गांव चगांव, तहसील निचार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही टापरी थाने से कार्यवाहक थाना प्रभारी नरपत राम की अगुवाई में मुख्य आरक्षी अश्वनी कुमार, सिपाही बलवंत सिंह की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया। बुधवार देर शाम को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टापरी में पोस्टमार्टम के बाद शव को मृतक के बेटे ललित मोहन के सुपुर्द कर दिया।
घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी भावानगर मनोज कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में अचानक पैर फिसलने के कारण व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस हादसे को लेकर कुछ कहा जा सकता है।