सिराज उत्सव के आयोजन की तैयारियां जोरों पर
कुलदीप शर्मा और दलीप सिरमौरी मचाएंगे उत्सव में धमाल
वॉलीबाल प्रतियोगिता में क्षेत्र के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। सांस्कृतिक एवं व्यापारिक सिराज उत्सव आनी 1 से 4 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। कमेटी के अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने कहा कि पंचायत स्तर की वॉलीबाल खेल प्रतियोगिता 1 से 2 नवंबर और सिराज देव संस्कृति उत्सव मेला 2 से 4 नवंबर तक मनाया जाएगा। 2 नवंबर को क्षेत्र के देवता शमशरी महादेव, देवता पनेवीनाग और देवता कुलक्षेत्र महादेव सहित क्षेत्र के लोक सांस्कृतिक दल शामिल होंगे। सिराज उत्सव मेले का शुभारंभ 2 नवंबर को स्थानीय विधायक किशोरी लाल सागर करेंगे। वहीं मेले के समापन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शिरकत करेंगे।
इस दौरान रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कुलदीप शर्मा, दलीप सिरमौरी, शेर सिंह कौशल और पान सिंह सहित प्रदेश के 10 स्टार कलाकार अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। मेले का मुख्य आकर्षण आउटर सिराजी ग्रामीण महिलाओं की नाटी 3 नवंबर को राजा रघुबीर सिंह मैदान में आयोजित की जाएगी, जिसमें 60 पंचायतों की महिलाएं शामिल होंगी। स्कूली और कॉलेज सहित स्थानीय कलाकारों को भी मौका दिया जाएगा। मेले में बाहर से आने वाले व्यापारियों को सस्ते दामों पर प्लॉट दिए जा रहे हैं।
अध्यक्ष ने कहा कि आनी क्षेत्र की जनता के सहयोग से सिराज उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 1 नवंबर को वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ 10 बजे किया जाएगा, जिसमें पंचायत स्तर की वॉलीबाल टीमें शामिल होंगी। वॉलीबाल खेल प्रतियोगिता के लिए खेल कमेटी गठित की गई है, जिसमें नरेश कटोच प्रभारी, प्रताप, दलीप डिसूजा, पूर्ण ठाकुर और सतपाल को नियुक्त किया गया है। वहीं कुश्ती दंगल के प्रभारी हुकम चौधरी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी दंगल सिराज उत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा, जिसे देखने के लिए गांव-गांव से बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे पहुंचते हैं। 4 नवंबर को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल के दो सौ पहलवान दंगल में अपना जौहर दिखाएंगे।