ग्रामीण क्षेत्र में 1 सितंबर से इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक देगा सेवाएं
किन्नौर में सांसद रामस्वरूप शर्मा करेंगे बैंक का विधिवत शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। एक सितंबर से भारतीय डाक विभाग की ओर से इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से भारत के ग्रामीण क्षेत्र को बैंक की सुविधा देगा। अधीक्षक डाकघर रामपुर मंडल रूपेंद्र सिंह राणा, सहायक अधीक्षक रिकांगपिओ सुधीर वर्मा और प्रबंधक डाकघर रिकांगपिओ बुद्धिबल सिंह नेगी ने रिकांगपिओ में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता के एक मिस्ड कॉल पर घर आकर खाता खोलने, नकदी जमा और निकासी संबंधी काम डाकिया उपभोक्ता के घर पहुंचकर पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि इस बैंक में जीरो बैलेंस से खाता खुलेगा। वहीं, पानी, बिजली का बिल, मोबाइल, डिश टीवी के रिचार्ज करने की भी सुविधा मिलेगी। दूसरे बैंक को भी राशि ट्रांसफर की जाएगी। एक सितंबर को इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से करेंगे। वहीं, किन्नौर में सांसद रामस्वरूप शर्मा इसका विधिवत शुभारंभ करेंगे और पूर्व विधायक तेजवंत नेगी विशेष अतिथि मौजूद होंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 650 शाखाएं और 3250 डाकघरों में एक साथ इसकी शुरुआत की जाएगी। एक साल तक किन्नौर के सभी डाकघरों में ये सेवाएं शुरू हो जाएंगी।