23 स्कूलों की 314 छात्राएं दिखाएंगी दमखम
कुमारसैन में छात्रा वर्ग की अंडर-19 खेल प्रतियोगिता शुरू
एसडीएम नीरज गुप्ता ने ली मार्चपास्ट की सलामी
अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन-ननखड़ी ब्लॉक की छात्रा वर्ग की चार दिवसीय अंडर-19 खेल प्रतियोगिता मंगलवार को दरबार मैदान कुमारसैन में शुरू हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ कुमारसैन के एसडीएम नीरज गुप्ता ने किया। कुमारसैन स्कूल के प्रधानाचार्य केसी वर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद प्रतियोगिता में भाग ले रही खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
मुख्यातिथि नीरज गुप्ता ने प्रतियोगिता में भाग ले रही छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य केसी वर्मा ने कार्यक्रम में आए मुख्य अतिथि और विभिन्न स्कूलों से आई छात्रा खिलाड़ियों और उनके साथ आए शिक्षकों का स्वागत किया। इस संबंध में खेल प्रभारी अमरजीत चंदेल ने बताया कि चार दिवसीय इस खेल प्रतियोगिता में कुमारसैन और ननखड़ी खंड के 23 स्कूलों से आई 314 छात्राएं भाग ले रही हैं। ये छात्राएं वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेंगी। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर प्रधान कुमारसैन नरेंद्र कुमार, एसएमसी अध्यक्ष विशाल वर्मा, व्यापारमंडल प्रधान राजीव अग्रवाल, पूरनचंद गुप्ता, खेल प्रभारी मोहन ठाकुर, अनिता कुमारी और हरीश सोनी सहित अन्य मौजूद रहे।