अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)।
नेहरू युवा केंद्र किन्नौर के युवाओं और युवा मंडलों के लिए 100 घंटे श्रमदान कर 10 हजार रुपये से दो लाख रुपये तक का ईनाम मिलने का सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत स्वच्छता जागरूकता, कचरा प्रबंधन और शौचालय निर्माण को लेकर होने वाली गतिविधियों में भाग लेना होना। राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल करने वाले युवा और युवा मंडल को दो लाख रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
दूसरे स्थान पर आने वाले को 50 हजार रुपये, राज्य स्तर पर प्रथम आने वाले युवा और युवा मंडल को 50 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पाने वाले को 30 हजार और तृतीय स्थान पाने वाले को 20 हजार रुपये से पुरस्कृत किया जाएगा। जिला स्तर पर पहले नंबर पर आने वाले युवा और युवा मंडल को 30 हजार रुपये, द्वितीय को 20 हजार रुपये और तीसरा स्थान पाने वाले को 10 हजार रुपये की नकद राशि और प्रशस्तिपत्र देकर नवाजा जाएगा। नेहरू युवा केंद्र किन्नौर के जिला युवा समन्वयक प्रभात कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में स्वच्छता का बढ़ावा देना है। बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नेहरू युवा केंद्र के युवाओं से गृष्मकालीन स्वच्छता इंटरनशिप कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया था। प्रभात कुमार ने बताया कि इच्छुक युवा इस कार्यक्रम के तहत पंजीकरण करवाने के लिए नेहरू युवा केंद्र किन्नौर के दूरभाष नंबर 01786-222285/ 82193-79623/ 94182-86812 पर संपर्क कर सकता है। उन्होंने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपना पंजीकरण करवाएं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 जून 2018 है।