ग्रामीणों ने देवताओं संग डाली नाटी
काओबिल में तीन दिवसीय बूढ़ी दिवाली मेले का आगाज
दुर्गा माता, देवता नाग और नाग कंसर ने की शिरकत
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के काओबिल 15/20 में तीन दिवसीय बूढ़ी दिवाली मेला सोमवार से शुरू हुआ। इस तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले में काओबिल की दुर्गा माता, जगोरी के देवता नाग और काओबिल के नाग कंसर ने शिरकत की।
मेले को लेकर दुर्गम क्षेत्र के ग्रामीणों में हर वर्ष काफी उत्साह रहता है। लोग अपने पारंपरिक परिधान में सजधज कर मेले में शिरकत करते हैं और पहाड़ी गानों में नाटी डालते हैं। मेले के पहले दिन ग्रामीणों ने देवताओं के साथ जमकर नाटी डाली और देवताओं से आशीर्वाद लिया। पंचायत के उप प्रधान रविकांत ने बताया कि मेले में जहां लोग नाटी का मजा लेते हैं वहीं लोगों के मनोरंजन के लिए खेलकूद जैसी कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित करवाई जाती हैं जिससे मेले के माध्यम से अपनी संस्कृति बचाया रखा जा सके। इस आयोजन में जलंधर कायथ, संजय गागटा, प्रदीप कटाउ, अंशु, सोहन कटाउ, देवी सिंह वर्मा, महेंद्र वर्मा, सतीश वर्मा, मनोज टोलटा सहित समस्त मंदिर कमेटी और पंचायत के सहयोग रहता है।