किन्नौर में बरसात से करोड़ों का नुकसान
लोनिवि, आईपीएच और बिजली बोर्ड को लगी चपत
नुकसान का आकलन करने में जुटी विभागों की टीमें
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण लोनिवि, आईपीएच और बिजली बोर्ड को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। मूसलाधार बारिश से कई क्षेत्रों में भूस्खलन हुआ है, कई स्थानों पर सड़कों पेयजल और विद्युत लाइनों सहित सिंचाई कूहलों को भारी क्षति पहुंची है। अभी विभागों की टीमें नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक किन्नौर जिले में बरसात से नुकसान सीमा सड़क संगठन, नेशनल हाईवे प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, आईपीएच और विद्युत बोर्ड को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा निजी संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुंचा है। बीते दिनों हुई भारी बारिश से लोक निर्माण विभाग कल्पा और पूह डिवीजन के तीन दर्जन से अधिक संपर्क मार्गों को भूस्खलन के कारण, कई स्थानों पर दीवारों और पुलों के ढह जाने से 2 करोड़ 85 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं लोक निर्माण विभाग भावानगर डिवीजन के तहत आने वाली दो दर्जन से अधिक संपर्क सड़कों को 1 करोड़ 5 लाख रुपये की क्षति पहुंची है। इसी तरह आईपीएच विभाग को जिले में हुए नुकसान के कारण 8 करोड़ रुपये की चपत लगी है। रिकांगपिओ डिवीजन के तहत आने वाले क्षेत्र किन्नौर के चोरा से लेकर काशंग तक 35 कूहलें और 141 पेयजल लाइनें प्रभावित हुई हैं। पूह डिवीजन के तहत आने वाले क्षेत्र पांगी नाले से किन्नौर के अंतिम गांव सुमरा तक 84 सिंचाई कूहलें और 72 पेयजल लाइनों को क्षति पहुंची है। इसके अलावा सीमा सड़क संगठन को पवारी से लेकर पूह तक 40 लाख रुपये, नेशनल हाईवे प्राधिकरण को चौरा से पवारी तक 30 लाख रुपये के नुकसान होने की सूचना है।
सीमा सड़क संगठन के ओसी पवारी डीके राघव, एनएच प्राधिकरण के अधिशाषी अभियंता रामपुर पीसी नेगी, लोनिवि भावानगर के अधिशाषी अभियंता आरएल चौहान, अधिशाषी अभियंता कल्पा वीरेंद्र गुलेरिया, अधिशाषी अभियंता आईपीएच रिकांगपिओ उदय सिंह बौद्ध, अधिशाषी अभियंता आईपीएच पूह आरएस नेगी ने कहा कि इस वर्ष बरसात से भारी नुकसान हुआ है।