अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा चुके रामपुर क्षेत्र के खिलाड़ियों को विधायक विक्रमादित्य सिंह ने पुरस्कृत किया। रामपुर में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ बेहतर प्रशिक्षण देने वाले बॉक्सिंग कोच को भी सम्मानित किया।
रामपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक विक्रमादित्य ने रामपुर कॉलेज और स्कूलों से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विधायक की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सम्मानित होने वाले छात्र, छात्राओं में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले धर्मपाल, खेलो इंडिया खेलो में कांस्य पदक पाने वाली मोनिका, जूनियर स्कूल की प्रतियोगिता में कांस्य पदक पाने वाली सुनीता, संध्या, चार बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग ले चुके राहुल निलटू, दो बार नेशनल खेल चुके चंद्रमोहन, अनिता, श्रृतिमा और शिवांगी को पुरस्कृत किया गया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य मकसद युवाओं को नशे की कुरीति से दूर रखकर और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है। कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने शिमला ग्रामीण की बेहतरीन खिलाड़ी सुषमा वर्मा और कबड्डी के लोकप्रिय खिलाड़ी अजय ठाकुर को सीधे डीएसपी के पद पर तैनाती दी थी। इस दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक सूद, पार्षद पंकज बराड़, युकां अध्यक्ष जसवीर ठाकुर, राहुल सोनी, सोनू भलूनी, ध्रुव शर्मा, संजय मेहता, कार्तिक शुक्ला, सतपाल मेहता, संतोष कायथ, बृजेश गोयल, आरडी, हर्ष शर्मा, जगदीप शर्मा, आदर्श शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।