रिकांगपिओ (किन्नौर)।जिलास्तरीय 69वां गणतंत्र दिवस रिकांगपिओ के रामलीला मैदान मेें हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसमें मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री राजीव सैजल मौजूद रहे। मुख्यातिथि ने ध्वजारोहण कर भारतीय तिब्बत सीमा बल पुलिस, हिमाचल पुलिस, होमगार्ड्स और डाइट के छात्र-छात्राओं की परेड की सलामी दी।
सैजल ने लोगों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और कहा कि प्रदेश ने विकास के सभी क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन के साथ पर्वतीय विकास की नई गाथा लिखी है। आज हिमाचल प्रदेश को न केवल देश में बल्कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी पर्वतीय विकास का आदर्श मना जाता है। आगामी पांच सालों में प्रदेश सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश को पूर्ण विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में वृद्धजनों की सामाजिक पेंशन के लिए आयुसीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया गया है जो वर्तमान सरकार का प्रदेशवासियों के हित में पहला निर्णय है। वर्तमान सरकार जलविद्युत क्षमता का समुचित दोहन करने का प्रयास करेगी, जिसके लिए एक वृहत योजना तैयार की जाएगी।
सरकार समाज के कमजोर और उपेक्षित वर्गों के कल्याण के प्रति वचनबद्ध है। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। सरकार बिना किसी भेदभाव के आवासहीन निर्धन परिवारों को 2022 तक अपना घर उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर और लाहौल-स्पीति को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।
राजीव सैजल ने देश-प्रदेश और जिले का नाम रोशन करने वाले शौर्य चक्र विजेता महिंद्र सिंह, पलदेन ज्ञाछो, भागचंद्र, स्वर्गीय राज बहादुर और गृह रक्षा के कंपनी कमांडर सुखदेव को जिला किन्नौर में बचाव अभियान में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया ।
इस मौके पर उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद्र, जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिश्वरी देवी, उप-मंडलाधिकारी कल्पा डॉ. अवनिंद कुमार, सहायक आयुक्त-उपायुक्त सुरेंद्र ठाकुर, पुलिस उपाधीक्षक चंद्रपाल, मनोज कुमार और स्थानीय पंचायतों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।