मनरेगा की अनियमितताओं को लेकर खोला मोर्चा
बैठक में आनी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। भारत की जनवादी नौजवान सभा इकाई आनी की बैठक में क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान अहम मुद्दा पंचायतों में चल रहे मनरेगा कार्यों की अनियमितताओं को लेकर रहा। बैठक जिप सदस्य लोकेंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में चर्चा हुई कि विकास खंड आनी के तहत आने वाली 32 पंचायतों में मनरेगा कार्य शून्य गति से चल रहा है। कागजों के माध्यम से जिला में ब्लॉक को आगे रखने के लिए कई तरह से अनियमितताओं से कार्य किए जा रहे हैं। 2017-18 की मनरेगा शेल्फ से दिसंबर माह तक 10 प्रतिशत कार्य भी पूरे नहीं हो पाए हैं। 100 दिन का रोजगार तो दूर मनरेगा मजदूरों को 20 से 30 दिन का भी रोजगार नहीं मिल पा रहा है। वहीं बैठक में पंचायतों के अधिकार क्षेत्र में बनी दुकानों के बंटवारे बारे में भी गहन चिंतन किया गया।
सभा के सदस्यों ने आरटीआई से जानकारी जुटाते हुए कहा कि जो पंचायतों की दुकानें लीज पर दी थीं, उनमें से कुछ दुकानों पर लोगों ने अधिकार करके अन्य लोगों को बेच दीं और वे उनसे दोहरा पैसा ऐंठ रहे हैं। सभा ने निर्णय लिया है कि आने वाले समय में इस विषय पर नौजवानों को शिक्षित कर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर आंदोलन छेड़ा जाएगा। सभा ने प्रशासन से इस मामले में गहनता से छानबीन कर उचित कार्रवाई करने की अपील की है, जिससे बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार मुहैया हो सके। इस अवसर पर राजेश रैना, अमित कुमार, चमन और अशोक ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।