चार लाख का ड्राफ्ट जमा करवाएं, स्टॉल खरीदें
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर नगर परिषद ने लागू किए नए नियम
किन्नौरी मार्केट के स्टॉल मालिकों को सफाई के देने होंगे एक हजार
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में लगने वाले स्टालों के आवंटन में होने वाली हेराफेरी को देखते हुए नगर परिषद ने इस वर्ष स्टाल खरीदने वालों के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। जिसके तहत अब बोली वाले दिन पहले 4 लाख का ड्रॉफ्ट नगर परिषद में जमा करवाना होगा। बीते वर्ष यह राशि 2 लाख रुपये थी। ऐसे में इस राशि के जमा होने से अब बिचौलियों की मनमानी खत्म हो जाएगी। वहीं टेंडर की प्रक्रिया इस बार तीन नवंबर को अमल में लाई जाएगी।
रामपुर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के टेंडर में नए नियम शामिल किए गए हैं। बोलीदाता तय कीमत से नीचे बोली नहीं लगा पाएगा, जिससे कार्य की गुणवत्ता को बनाया रखा जा सके। 3 नवंबर को सड़क, झूला और डूम के टेंडर होंगे। इस बार झूले और डूम में वो बोलीदाता शामिल हो सकेगा, जिसकी पहले से इश्योरेंस होगी।
गौरतलब है कि बीते वर्ष स्टॉल आवंटन को लेकर नगर परिषद पर कई सवाल उठे थे। वहीं जो बोलीदाता सबसे ऊंची बोली लगाता है, वह ऐन वक्त पर पीछे हट जाता है और दूसरे बोलीदात्ता को मौका मिल जाता है, ऐसे में उन ठेकेदारों को सीधा फायदा होता था, लेकिन नगर परिषद को अच्छी खासी चपत लग जाती थी।
किन्नौरी मार्केट के स्टॉल मालिकों से वसूला जाएगा एक हजार
लवी मेले में केवल किन्नौरी मार्केट ऐसी है जो मुफ्त में लगती है। इस बार नगर परिषद ने इन पर भी नया नियम लागू कर मार्केट में स्टाल लगाने वाले मालिकों से प्रति स्टॉल एक हजार रुपये वसूल करेगा, वहीं मेेला मैदान से बाहर लगने वाले छोटे स्टॉल और तहबाजारी वालों से 500 रुपये सफाई के वसूले जाएंगे।
इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने कहा कि स्टॉल आवंटन पर होनी वाली मिलीभगत इस बार पूरी तरह से बंद होगी। मेला कमेटी द्वारा नए नियम लागू किए गए हैं, जिनका सभी व्यापारियों को पालन करना होगा।