13वें दिन में पहुंचा किन्नौर
कांग्रेस का क्रमिक अनशन
मांगें न मानने तक जारी रहेगा अनशन : कांग्रेस
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में नौतोड़ प्रक्रिया बंद करने के साथ-साथ ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर जिला कांग्रेस का क्रमिक अनशन बुधवार को 13वें दिन में प्रवेश कर गया। कांग्रेस ने जिले के कल्पा, पूह और निचार ब्लॉक में सरकार के विरुद्ध अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन छेड़ रखा है। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कल्पा ब्लॉक के रिकांगपियो में क्रमिक अनशन 13वें दिन में प्रवेश कर गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद किन्नौर के लोगों को मिलने वाली नौतोड़ भूमि और वन भूमि अधिनियम को बंद कर लोगों को भूमिहीन करने का काम किया है। पूर्व कांग्रेस शासन काल में जो विकास कार्य शुरू हुए थे, वे सभी ठप पड़ गए हैं। यदि जल्द ही सरकार कोई कदम नहीं उठाती है तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
बुधवार को क्रमिक अनशन में प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक पितांबर नेगी, रघुवीर सिंह, प्रीतम नेगी, विक्रम सिंह, मुकेश नेगी, विनेश कुमार, प्रदीप कुमार, नंद किशोर, उदय भगत, राहुल नेगी, अमित कुमार, जय कृष्ण, राजन कुमार, देव भगत, कुंदन सिंह, कांशी राम, जगत कुमार, दीपक कुमार, गोविंद राज, देव प्रताप, भाग चंद, विदेश कुमार, राकेश कुमार और गुलाब सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।