आनी (कुल्लू)।
जिला स्तरीय पारंपरिक एवं ऐतिहासिक आनी मेले का देवताओं के आने के साथ विधिवत शुभारंभ हुआ। सांस्कृतिक संध्या में मंगलवार को कलाकारों ने खूब समा बांधा। क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल सागर ने सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम आनी चेत सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
स्थानीय कलाकारों ने पहली सांस्कृतिक संध्या का आगाज किया। लोक कलाकार एनएल चौहान, अमर राठौर, हितेंद्र साहसी, रीना ठाकुर, बीएस भारद्वाज, रामेश्वर शर्मा ने शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहा। करसोग की गीता ठाकुर ने सुकेती नाटी और लाला चिडिय़े सेरी न जाना से तालियां बटोरी। कुल्लू के लोक गायक करतार कौशल ने शमशरी महादेव का भजन गाया। कौशल ने हाय मेरी दिंगादिंगीय, पिपली खाई लागी शीशी की प्रस्तुति दी। स्टार नाइट शुरू होते ही संजय चौसी ने अपनी मधुर आवाज से सबका मन मोहा। सारेगामा फेम मुस्कान ठाकुर ने दिल दियां गलां से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज किया। वॉइस ऑफ हिमालयन किशन वर्मा ने भी स्टेज पर आते ही खूब रंग जमाया। उन्होंने तेरा मेरा प्यार आड़िये, कांडा चूटा कुंबरो रा रे आदि की प्रस्तुति दी। आखिर में तांत्रा ब्वॉयज ने भी अपनी आवाज का जादू बिखरा। बीरबल मुसाफिर और तोशी ने हाय-हाय बांठणे मेला लागा रे, आनी बाजार द मेला लागा रे आदि की प्रस्तुति दी। इस दौरान भाजपा मंडलाध्यक्ष अमर ठाकुर, दूनी चंद, प्रताप ठाकुर, कृष्ण ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।