अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहार। रामपुर उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में भालुओं और जंगली जानवरों का आतंक दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। बुधवार सुबह किन्नू पंचायत के छनाच गांव में एक युवक पर भालू ने हमला कर दिया। इससे युवक बुरी तरह घायल हो गया है, जिसे रामपुर खनेरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 7 बजे किन्नू पंचायत के छनाच गांव का शेर सिंह (28) घर से खेत की ओर निकला था। घर से कुछ ही दूरी पर झाड़ियों से निकलकर भालू ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया और इस हमले में युवक बुरी तरह से घायल हो गया। इस दौरान युवक की आंखों और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को सराहन अस्पताल पहुंचा। यहां से उसे रामपुर के खनेरी अस्पताल भेजा गया। खनेरी अस्पताल में उपचार के बाद घायल शेर सिंह को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
पंचायत प्रधान यशपाल चौहान ने कहा कि किन्नू पंचायत में आए दिन इस तरह के हादसे पेश आ रहे हैं, जिसमें कई लोग घायल हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से प्रभावित को हरसंभव सहायता देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाकर भालू को पकड़ने की भी मांग की। इसके बारे में डीएफओ रामपुर अशोक नेगी ने कहा कि उन्हें भालू के हमले की सूचना मिली है। विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया है। विभाग की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सुबह और शाम को घर से न निकलने की सलाह दी है।