किन्नौर में छह दिन से दो पंचायतों में ब्लैक आउट
बारिश से विभिन्न विभागों को पौने पांच करोड़ का नुकसान
व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे विभागों के कर्मचारी
बीरबल नेगी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले में मूसलाधार बारिश से सड़कों, पेयजल स्कीमों और विद्युत बोर्ड को करोड़ों की क्षति पहुंची है। बारिश एनएच प्राधिकरण, सीमा सड़क संगठन, लोनिवि, आईपीएच और विद्युत बोर्ड को करीब पौने पांच करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है।
किन्नौर जिले में हुई बरसात से नेशनल हाइवे प्राधिकरण के सीमा क्षेत्र चौरा से लेकर पोवारी तक जगह-जगह पहाड़ियों से भूस्खलन और लगातार चट्टानों के गिरने से प्राधिकरण को एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं पोवारी से लेकर कौरिक बॉर्डर तक नेशनल हाईवे-5 को करीब 3 करोड़ का क्षति हुई है। सीमा सड़क संगठन को जिले में सबसे अधिक नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं लोक निर्माण विभाग भावानगर डिवीजन के तहत आने वाले एक दर्जन ग्रामीण मार्गों को 42 लाख, कल्पा और पूह डिवीजन के तहत आने वाली आधा दर्जन सड़कों को 20 लाख का नुकसान हुआ है।
आईपीएच विभाग की पेयजल लाइनें और योजनाओं को भी बरसात ने खासा नुकसान पहुंचाया है। जिले में आईपीएच विभाग को 15 लाख का नुकसान हुआ है। बारिश के चलते विद्युत बोर्ड को भी खासी क्षति पहुंची है। बॉर्डर के साथ लगती दो पंचायतों कुन्नोचारंग और टाशीगंग, शिपकिला और बॉर्डर में तैनात आईटीबीपी के जवानों को बिना बिजली के गुजर बसर करनी पड़ रही है, जिले भर में विद्युत बोर्ड को 10 लाख रुपये के नुकसान की सूचना है। हालांकि सभी विभागों ने राहत कार्य शुरू कर दिए हैं।
जिले के कल्पा पूह और निचार खंड के तहत आने वाली कड़छम-सांगला, वांगतु-पानवी, चौरा-रूपी, छोटा कंबा, पलींगी-निचार, तरांडा, ननस्पो-तरांडा, टापरी-चगांव, टापरी-जानी, कड़छम -सापनी, कड़छम-बुरआ, शौंगठौंग-बारंग, टापरी-मीरू-रांगले, यूला, नाथपा, कंडार, टिडौंगवैली, नैसंग का गीनीयंग वैली, स्कीबा-रिब्बा, खाब-टाशीगांग, लियो-हांगो, लिप्पा-आसरंग, कल्पा-पांगी सहित कई अन्य सड़कों को बारिश से क्षति पहुंची है।
विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता रिकांगपिओ जेसी नेगी ने बताया कि बारिश के कारण विद्युत बोर्ड को पूह खंड में खासी क्षति पहुंची है। विद्युत लाइनों को दुरुस्त कर जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। विद्युत रिस्टोरेज में समय लग रहा है। नेशनल हाईवे प्राधिकरण के कनिष्ठ अभियंता मोहन मेहता, सीमा सड़क संगठन के ओसी पोवारी डीके राघव, लोक निर्माण विभाग कल्पा के अधिशाषी अभियंता वीरेंद्र गुलेरिया, अधिशाषी अभियंता भावानगर आरएल चौहान, अधिशाषी अभियंता आईपीएच उदय सिंह बौद्ध ने कहा कि बारिश के चलते सभी विभागों को करोड़ों का नुकसान पहुुंचा है।