ठियोग (रामपुर बुशहर)। मौसम में बदलाव के कारण बढ़ती हुई सर्दी के कारण नेशनल हाईवे-पांच पर कुफरी से ठियोग का सफर खतरनाक हो रहा है। बढ़ती सर्दी के कारण रात में सड़क पर पाला इतनी बुरी तरह से जम जाता है कि मार्ग पूरी तरह सफेद हो जाता है। इससे फिसलन बढ़ने से वाहन फिसल रहे हैं। पिछले दो दिनों में इस सड़क पर दर्जनों वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इतना ही नहीं क्रिसमस के दौरान यहां से अधिक वाहनों की आवाजाही हो सकती है। ऐसे में हादसे की आशंका है।
सोमवार देर शाम तक भी सड़क पर रेत नहीं डाली गई, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से हो सके। ऐसे में एनएच प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहा है। शनिवार एक ही रात में करीब दस छोटे वाहन आपस में भिड़े। रविवार की सुबह तीन वाहन आपस में टकराए। अपर शिमला की इस मुख्य सड़क को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। यहां से रोज हजारों वाहन आवाजाही करते हैं। आगामी पंद्रह दिनों में पर्यटकों की खासी भीड़ उमड़ेंगी। हालांकि एनएच प्राधिकरण के अधिकारियों के अलावा अन्य कई विभागों के अधिकारी भी इस सड़क से आवाजाही करते हैं। लेकिन उनको सड़क की हालत नजर नहीं आ रही है। उधर, जिला के उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि नेशनल हाईवे -5 पर जम रहे पाले को लेकर वह नेशनल हाईवे प्राधिकरण को कड़े निर्देश जारी करेंगे। सड़क पर रेत बिछाने के अलावा कुफरी और फागू में दोनों ओर होर्डिंग लगाकर वाहन चालकों को सतर्कता से वाहन चलाने के निर्देश दिए जाएंगे।