देवताओं की विदाई के साथ जलसा मेला संपन्न
क्षेत्र के हजारों लोगों ने सुख-समृद्धि का लिया आशीर्वाद
ढोल-नगाड़ों की थाप पर देर शाम तक थिरकते रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
डंसा (रामपुर)। रामपुर उपमंडल की नोग वैली के परशुराम मंदिर प्रांगण डंसा में दो दिवसीय जलसा कार्यक्रम देवताओं की विदाई के साथ संपन्न हो गया है। समारोह में एसजेवीएन के प्रबंधक सुरेश ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के तहत पहले दिन स्कूली बच्चों और महिला मंडलों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करके खूब वाहवाही लूटी। वहीं वरिष्ठ वर्ग की लोकनृत्य प्रतियोगिता में महिला मंडल जगूणी ने पहले स्थान पर बाजी मारी। कनिष्ठ वर्ग में पायनियर पब्लिक स्कूल रायशरन ने पहला स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में देवलू डंसा और महिला वर्ग में डंसा ने पहला स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में पलक मेहता ने पहला स्थान हासिल किया। जलसे के अंतिम दिन वाद्य यंत्रों की धुनों पर देर शाम तक ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाटी का दौर चलता रहा।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ने शिकारी माता मंदिर श्रद्धालुओं को पेश आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए सराय भवन निर्माण करवाने के लिए बजट का आश्वासन दिया। मंदिर समिति डंसा ने मेले में आए देवता साहिब यज्ञेश्वर शिंगला और जाहरू नाग शनेरी को 5100 रुपये की राशि भेंटकर धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए विदाई करवाई। वहीं इस मौके पर डंसा पंचायत प्रधान पदमा कुमारी, मंदिर समिति प्रधान खेलचंद नेगी, चरणदास, डीडी शर्मा, संसार दास कश्यप और देश कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।