अमर उजाला ब्यूरो
सांगला/उत्तरकाशी।
उत्तराखंड से किन्नौर जिले के छितकुल में ट्रैकिंग पर आए 22 लोगों के दल को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के 70 जवानों, स्थानीय लोगों सहित सांगला पुलिस ने सुरक्षित सांगला पहुंचाया। पुलिस थाना सांगला से थाना प्रभारी राजेश पाल की अगवाई में मुख्य आरक्षी कुलजेश, आरक्षी पंकज, आरक्षी कपिल सहित छितकुल गांव के स्थानीय लोगों की मदद से मृतक पर्यटक के शव को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला में लाया गया। इसके बाद प्रशासन ने उनको शिमला भेज दिया।
मृतक की पहचान हर्षद आप्टे (35) पुत्र दत्तातर आप्टे निवासी 05 दत्ता प्रसाद बिल्डिंग नजदीक अजनकिया, कुलगांव बदलापुर अपरनाथा, थाना महाराष्ट्रा के रूप में हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला में शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद दल को सौंपा गया। मृतक के शव को प्रशासन ने वाहन से शिमला तक भेज दिया है। बता दें कि विगत नौ जून को ऋषिकेश की गो हिमालय एजेंसी के माध्यम से 23 सदस्यीय ट्रैकिंग दल सांकरी से 90 किमी लंबे हरकीदून-बडासू पास-छितकुल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। दल में मैक्सिको का युगल मोन्जोन पीटा और ऑविलर रोड्रिग्वेज, महाराष्ट्र के रीना वागलिंकर, स्नेहा लोखंडे, हर्षद आप्टे, पराशद नारसाले, प्रशांत कापड़े, जयेश लिमये, कौशल महाजन, मरुमय मयूरेश जोशी एवं मयूरेश जोशी तथा फरीदाबाद के संजय सेठी शामिल थे। दल का ग्रुप लीडर कलम सिंह उत्तराखंड का रहने वाला है। इसके अतिरिक्त 11 पोटर उत्तराखंड के थे। उधर, एसडीएम कल्पा डॉ. अवनिंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के शव सहित दल के 22 लोगों को सुरक्षित निकालकर प्रशासन की और से शिमला तक भेज दिया गया है।
यह ट्रैक उत्तरकाशी के गोविंद वन्य जीव विहार क्षेत्र में पड़ता है। ट्रैकिंग दल के बारे में संबंधित रेंजर से पूरी जानकारी मांगी गई है। यदि यह दल बगैर अनुमति और अधूरी तैयारी से गया होगा तो रेंजर और संबंधित ट्रैकिंग एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ.आशीष चौहान, डीएम उत्तरकाशी