अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)।
वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नम्होंग में खंड स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक उत्तम ठाकुर बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने खेलों के सफल आयोजन के लिए 12 हजार रुपये की सहयोग राशि दी। खेलकूद प्रभारी रमेश वर्मा ने बताया कि खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में सरकारी और गैर सरकारी 35 स्कूलों के 454 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिताओं में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन सहित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय खेलों के प्रथम दिन कबड्डी में कोठी ने कुंगश को हराया। वॉलीबाल में शिल्लीजांजा ने डिगेढ़ को हराया। खो-खो में हिमालयन मॉडल स्कूल आनी ने एलपीएस आनी को हराया। बैडमिंटन में ओल्वा ने खनी को हराया। रात्रि को सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। छात्रों ने मार्चपास्ट की सलामी दी। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों के साथ खेलों का आगाज किया गया। इस दौरान कमलजीत डोगरा, शारदा ठाकुर, संजय कुमार, नरेश कुमार, प्रदीप कुमार, रवि परमार, केहर सिंह, ताराचंद, भूपेंद्र शर्मा, हिमांशी, ममता, रिचा ठाकुर, पंकज ठाकुर सहित विभिन्न स्कूलों से आए प्रभारी और शिक्षकों सहित छात्रों ने भाग लिया।