दलाश (कुल्लू)।
आनी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में सोमवार को हुई ओलावृष्टि ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। ओले से सबसे ज्यादा क्षति सेब की फसल को पहुंची है। बागवानी विभाग आनी ने ओलावृष्टि से सेब की फसल को करीब 91.20 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया है। प्रभावित बागवानों ने सरकार से मांग की है कि फसलों के नुकसान का मुआवजा दिया जाए।
बागवानी विभाग के एसएमएस दीप राम ने बताया कि इस वर्ष पहले ही क्षेत्र में सेब की फसल एक चौथाई थी। विभागीय सर्वे के अनुसार इस वर्ष क्षेत्र में सेब की कुल फसल 28 प्रतिशत थी, जिसमें से 20 प्रतिशत फसल ओलावृष्टि की भेंट चढ़ गई है। अब मात्र आठ प्रतिशत फसल ही रह गई है। आनी विधानसभा क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों में ओलावृष्टि से किसान-बागवान चिंतित हैं। पहले सर्दी में मौसम साफ रहा और अब सेब की सेटिंग के समय बारिश और ओलावृष्टि ने कहर बरपा दिया। दिसंबर, जनवरी माह में मौसम साफ रहने से पहले ही किसान, बागवान मायूस थे। बागवान इंद्रपाल, योगिंद्र, गोपाल, सुभाष, दिवान राजा, कैलाश, मनोज, पोपेंद्र, पवन ने प्रदेश सरकार और बागवानी विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में हुई भारी ओलावृष्टि से सेब को होने वाले नुकसान की भरपाई की जाए। इस विषय को लेकर बागवानी विभाग आनी के एसएमएस दीप राम ने बताया कि क्षेत्र में ओलावृष्टि से 91.20 लाख का नुकसान हुआ है। क्षेत्र में अब मात्र आठ प्रतिशत ही गुणवत्ता वाला सेब रह गया है, जिसकी रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी।