एसबीआई के एटीएम से चोरी की नाकाम कोशिश
खनेरी अस्पताल के पास खुला है बैंक का एटीएम
पुलिस सीसीटीवी की मदद से मामला सुलझाने में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल के साथ खुले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से वीरवार रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। हालांकि वे अपने इस प्रयास में सफल नहीं हो पाए और चोरी के लिए लाए गए औजार मौके पर छोड़ कर फरार हो गए। वहीं पुलिस एटीएम और साथ लगते क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों को तलाशने में जुटी हुई है।
पुलिस थाना रामपुर से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार रात को खनेरी स्थित एसबीआई के एटीएम को तोड़ने की चोरों ने नाकाम कोशिश की। रिहायशी इलाका होने के बाद बावजूद किसी को इसकी भनक नहीं लगी। पुलिस को शुक्रवार सुबह एटीएम में तोड़फोड़ होने की सूचना मिली। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू कर दिया है। पुलिस ने भारतीय स्टेट बैंक प्रबंधन को एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मंगवाई है, जो जल्द ही पुलिस को सुपुर्द कर दी जाएगी। इसके अलावा भी पुलिस क्षेत्र के अन्य स्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज एकत्रित करेगी, जिससे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस ने मौके पर छोड़े औजार जब्त कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा के अनुसार खनेरी अस्पताल के साथ लगे एटीएम से चोरी करने का प्रयास किया गया है। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। एसबीआई प्रबंधन को सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपने को कहा गया है। उन्होंने जल्द ही चोरों को दबोचने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन चल रही है। गैर कानूनी कार्य में संलिप्त लोगों पर पुलिस उचित कार्रवाई अमल में लाएगी।