श्राईकोटी माता निर्माणाधीन
मंदिर को 55 लाख राशि जारी
पूर्व मुख्यमंत्री ने ली भीमाकाली मंदिर न्यास की समीक्षा बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। भीमाकाली मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्राईकोटी माता निर्माणाधीन के लिए 55 लाख रुपये की राशि जारी की गई है, जिससे मंदिर के जीर्णोद्धार में कोई कमी न रहे। ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्ट की वार्षिक आय का लेखा-जोखा और कार्यों की समीक्षा हुई।
भीमाकाली मंदिर न्यास की बैठक सराहन में न्यास के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए वीरभद्र सिंह ने मुख्यत: न्यास के विकास कार्यों की समीक्षा की। भीमाकाली मंदिर परिसर में न्यास की खाली पड़ी जमीन पर टूरिज्म के माध्यम से सुंदरीकरण का प्रस्ताव पारित किया गया। न्यास के श्राईकोटी माता के निर्माणाधीन मंदिर को 55 लाख रुपये की राशि जारी करने का फैसला लिया गया। न्यास के कर्मचारियों को इंक्रीमेंट देने पर भी बैठक में मुहर लगाई गई। बैठक में न्यास की दुकानों का बकाया किराया जल्द वसूलने पर जोर दिया गया। बैठक में न्यास के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान, टीजे नेगी, एसपी नेगी, मंदिर अधिकारी बालक राम नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता पीआर नेगी, भाषा एवं संस्कृति विभाग शिमला के अधिकारी और ट्रस्ट के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।