स्वयंसेवियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रामपुर बुशहर। दत्तनगर स्कूल के स्वयंसेवियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। एनएसएस और ईको क्लब ने संयुक्त रूप से स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों को भी संवारा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं ग्रीनपीस ईको क्लब के तत्वाधान में स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता पखवाड़ा का समापन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य कृष्ण सिंह नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी अश्वनी डमालू ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत आयोजित प्रथम स्वच्छता पखवाड़े के दौरान स्वयंसेवी छात्रों ने स्कूल परिसर में साफ सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं ग्रीनपीस ईको क्लब के प्रभारी विपिन कुमार ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण को स्वच्छ बनाने का समस्त स्वयंसेवियों से आह्वान किया। तत्पश्चात कार्यक्रम अधिकारी और ग्रीनपीस ईको क्लब की देखरेख में स्कूल परिसर और परिसर के बाहर स्वयंसेवियों ने विभिन्न प्रकार की प्रजातियों के 100 से अधिक पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अंत में मुख्यातिथि ने स्वयंसेवी छात्रों को पौधरोपण का महत्व समझाया और अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने और अधिक से अधिक पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी और स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे।