चांसू में छेड़ा नशा निवारण अभियान
पंचायत क्षेत्र की 15 बीघा वनभूमि से उखाड़े पौधे
नशे के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर की चांसू पंचायत में सोमवार को भांग उखाड़ो अभियान छेड़ा गया। थाना प्रभारी सांगला ईश्वर सिंह की अगुवाई में पंचायत, युवक मंडल, महिला मंडल, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांसू, प्राथमिक पाठशाला और हाई स्कूल की छात्र-छात्राओं ने अभियान छेड़कर नशा निवारण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने पंचायत क्षेत्र के 15 बीघा वन भूमि में प्राकृतिक रूप से उगे भांग के पौधों को नष्ट किया।
इस दौरान उन्होंने दुर्गा माता मंदिर, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, प्राथमिक पाठशाला, पंचायत घर, याकेस नारायण मंदिर, फौऊ गुरू मंदिर, बस अड्डे और चांसू पंचायत के चारों ओर प्राकृतिक रूप से उगी भांग को नष्ट किया। थाना प्रभारी सांगला ईश्वर सिंह ने अभियान में मौजूद लोगों से नशे की प्रवृति से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों को लेकर भी ग्रामीणों और छात्रों को जागरूक किया। उन्होंने पंचायत, गुरू सांस्कृतिक नव युवक मंडल चांसू, स्कूल, महिला मंडल और ग्रामीणों का अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिए जाने पर आभार जताया।
वहीं इस मौके पर जेएसडब्ल्यू परियोजना अधिकारी विद्या सागर शर्मा, मुख्य आरक्षी अश्वनी कुमार, महिला आरक्षी अनीता, आरक्षी विशाल, गृहरक्षक बाबू राम, पंचायत उप प्रधान प्रताप नेगी, महिला मंडल अध्यक्ष प्रेमकांता, युवक मंडल अध्यक्ष राम प्रकाश नेगी, मनमोहन नेगी, गिरीश चंद्र, मेहर चंद, सुनील कुमार, मंगल चंद, विद्यापाल, अध्यापक पवन कुमार, अरूणा कुमारी, मोनिका कुमारी सहित दर्जनों छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई।