स्पिति घाटी में खुलेगी सब्जी मंडी
माने गांव में आयोजित जनसभा में बोले कृषि मंत्री मारकंडा
कहा-फसल चक्र को अपनाकर आर्थिकी करें मजबूत
अमर उजाला ब्यूरो
काजा (लाहौल-स्पिति)। स्पिति घाटी में शीघ्र ही सब्जी मंडी खोली जाएगी जिससे स्पिति घाटी के किसानों को सब्जियां बेचने के लिए परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। यह घोषणा कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने अपने चार दिवसीय स्पिति घाटी के प्रवास के दौरान गांव माने में आयोजित जनसभा में कही।
उन्होंने किसानों से विभिन्न प्रकार की सब्जियों को उगाने का आह्वान किया और किसानों से फसल चक्र को अपनाने का आह्वान किया, जिससे किसान कम भूमि में अधिक फसलों की पैदावार करके अपनी अर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।
इस दौरान उन्होंने माने गांव में 1 करोड़ 26 लाख की अनुमानित बहाव सिंचाई योजना का शिलान्यास किया। इस योजना के शुरू होने पर लगभग 68 परिवार लाभान्वित होंगे और 2500 बीघा भूमि में सिंचाई की सुविधा होगी। इसके पश्चात मारकंडा ने ग्राम पंचायत ताबो में 37 लाख की अनुमानित बहाव सिंचाई योजना का शिलान्यास किया। इस योजना के शुरू होने से गांव के लगभग 63 परिवारों की 17 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा होगी।
अपने काजा प्रवास के दौरान उन्होंने लांगचा, हिक्किम, कोमिक तथा डेमूल आदि पंचायतों का दौरा भी किया तथा लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कोमिक में 1 करोड़ 20 लाख की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया तथा कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मंत्री ने डेमूल में महिला मंडल के भवन निर्माण के लिए 5 लाख देने की घोषणा की। इस अवसर पर एडीसी काजा डॉ. विक्रम नेगी, डीएफओ राजीव शर्मा, एसडीएम काजा जीवन नेगी, अधिशाषी अभियंता आईपीएच मनोज नेगी, बीडीओ गोपी चंद पाठक, जिला परिषद सदस्य एवं जनजातीय सलाहकार समिति सदस्य लोबजंग बौद्ध सगनम, राजेंद्र बौद्ध, ग्राम पंचायत प्रधान ताबो डेचिन आंगमों, पंचायत प्रधान धनकर छोतन चांगमों, पंचायत प्रधान लांगचा शेर सिंह और पंचायत प्रधान डेमूल पद्मा भूटित उपस्थित रहे।