फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीएचसी ज्यूरी में 14 सालों से धूल फांक रही एक्सरे मशीन

विज्ञापन
विज्ञापन
चुनावी मुद्दा
विज्ञापन


मशीन के बावजूद 14 साल से नहीं हो रहे एक्सरे
पीएचसी में वर्ष 2003 से नहीं किया एक्सरे तकनीशियन का पद सृजित
विस चुनाव में गूंजा रहा मुद्दा, प्रत्याशियों से मांग रहे जवाब
मोहन मेहता
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्यूरी में एक्सरे मशीन होने के बावजूद मरीजों को एक्सरे की सुविधा नहीं मिल पा रही है। पीएचसी ज्यूरी में तत्कालीन सरकार ने वर्ष 2003 में उद्घाटन के समय एक्सरे मशीन लगवा दी थी। लेकिन इसके बाद आज तक तकनीशियन का पद सृजित नहीं किया। ऐसे में ज्यूरी और किन्नौर के हजारों लोगों को एक्सरे की सुविधा नहीं मिल रही है। वर्ष 2003 के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों की सरकारें सत्ता में रही। लेकिन किसी ने तकनीशियन का पद सृजित करने में गंभीरता नहीं दिखाई। ऐसे में एक्सरे मशीन धूल फांक रही है। विधानसभा चुनाव में पीएचसी में एक्सरे मशीन की सुविधा न मिलने का मुद्दा उठ रहा है। लोग प्रत्याशियों से भी इसका जवाब मांग रहे हैं।
रामपुर के बाद पीएचसी ज्यूरी में सबसे ज्यादा ओपीडी है। पीएचसी में एक चिकित्सक और एक फार्मासिस्ट का पद भी लंबे समय से खाली चल रहा है। ज्यूरी में किन्नौर से भी लोग उपचार करवाने के लिए आते हैं। ज्यूरी पीएचसी का दर्जा बढ़ाना तो दूर की बात यहां पर एक्सरे की सुविधा नहीं दी जा रही है। ज्यूरी क्षेत्र के अजय, जगदीश, विजय कुमार, मान सिंह, हरीश कुमार, सुरेंद्र, मनोज कुमार, देवराज, जोगिंद्र, रोहित, गौरव और मुन्नी लाल का कहना है कि सरकार ने डेढ़ दशक से एक्सरे तकनीशियन का पद सृजित नहीं किया है। ऐसे में लोगों को एक्सरे करवाने के लिए भटकना पड़ता है। लोगों ने कई बार भाजपा और कांग्रेस से एक्सरे तकनीशियन का पद सृजित कर तैनाती की मांग उठाई। लेकिन किसी ने लोगों की मांग को पूरा नहीं किया। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ लोगों में रोष भी है।
विज्ञापन


खनेरी जाना मजबूरी
क्षेत्र के बलदेव टोलटा का कहना है कि ज्यूरी पीएचसी में सुविधाएं न होने से लोगों को परेशानी हो रही है। एक्सरे के लिए मजबूरन खनेरी अस्पताल जाना पड़ता है।
विज्ञापन


एक्सरे पड़ रहा महंगा
संजय जिंटू का कहना है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सजग नहीं है। ज्यूरी में गरीब लोगों को एक्सरे करवाना बहुत महंगा साबित हो रहा है।

सुविधाएं उपलब्ध हो
ज्यूरी क्षेत्र के हरीश खन्ना का कहना है कि ज्यूरी में एक बड़ा अस्पताल होना आवश्यक है। इसके अलावा अस्पताल में सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध हो।

एक ही डॉक्टर तैनात
सुरेंद्र भलूनी का कहना है कि पीएचसी में एक ही डॉक्टर की तैनाती की गई है। रात को यहां पहुंचने वाले मरीजों को खनेरी अस्पताल का रुख करना पड़ता है।


समय-समय पर करवाया अवगत
बीएमओ रामपुर आरके नेगी ने बताया कि समस्या से सरकार और उच्च अधिकारियों को समय-समय पर अवगत करवाया जा रहा है।


पद होगा सृजित : नंदलाल
सीपीएस एवं विधायक नंदलाल का कहना है कि किसी कारण वश यह पद सृजित नहीं हो पाया। आने वाले समय में पीएचसी में तकनीशियन का पद सृजित किया जाएगा।

दर्जा बढ़ेगा-ट्रॉमा सेंटर खुलेगा : द्रैक
भाजपा नेता प्रेम सिंह द्रैक का कहना है कि पीएचसी ज्यूरी में तकनीशियन का पद सृजित किया जाएगा और इसका दर्जा बढ़ेगा। यहां पर एक छोटा ट्रॉमा सेंटर खोला जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें