बच्चों ने दीं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कोटखाई उत्सव के पहले दिन लोक कलाकारों ने बांधा समा
एसडीएम ने किया दो दिवसीय कोटखाई उत्सव का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। जिला स्तरीय कोटखाई उत्सव सोमवार को धूमधाम से शुरू हुआ। एसडीएम ठियोग एमडी शर्मा ने इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान स्कूली छात्रों सहित विभिन्न लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। उत्सव के दौरान कोटखाई बाजार में वाहनों की आवाजाही बंद रही। दो दिवसीय कोटखाई का उत्सव का समापन नौ जुलाई को होगा। समापन समारोह में मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
कोटखाई उत्सव का आयोजन पहली बार जिला स्तर पर किया जा रहा है। उत्सव का आगाज विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां के साथ किया। उसके बाद क्रमवार लोक गायक विक्रम घेष्टा, मधु गंधर्व, मनमोहन, मोहन आजाद, केवल राम, नरेंद्र, कविता किमटा, सुरेंद्र सुरी, रमेश कटोच, मीनाक्षी चौहान, मोहिंद्र शर्मा, सुरमा भोपाली, विक्रम सागर, बाबु राम आजाद, विजय धमाकटा, ऋषभ, राजपाल जुब्बल, राजेश शर्मा, चंदेल म्यूजिकल ग्रुप, सरस्वती कला मंच, मुनीष, रोशन लाल थरोला, सुरेश शर्मा और अभिषेक ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। रंगारंग कार्यक्रमों का आनंद लेने के लिए काफी संख्या में लोग पंडाल में बैठे रहे।
वहीं कोटखाई उत्सव के लिए बाजार में स्टाल लगाए गए हैं। जिसके चलते कोटखाई बाजार में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। मंगलवार नौ जुलाई को कोटखाई उत्सव की अंतिम दिन भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इस मौके पर तहसीलदार कोटखाई रवीश कुमार चंदेल, नायब तहसीलदार विपन वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैईक भी उपस्थित थे।