शुदारंग पंचायत भवन का परिसर धंसा, कमरों में आई सीलन
डेढ़ वर्ष में ही धंसा 17 लाख की राशि खर्च कर बनाया परिसर
आरोप, आनन-फानन में मिट्टी भर लाखों खर्च कर बिछाया स्टोन
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले की शुदारंग पंचायत भवन का परिसर डेढ़ वर्ष के भीतर ही धंस गया है। इस पर लाडा से 17 लाख 22 हजार रुपये की धनराशि का खर्च हुई है। पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 15 सितंबर 2017 को इसका उद्घाटन किया गया था। अब फिर से इसे बनाए जाने की तैयारी चल रही है। लोगों का आरोप है कि उद्घाटन के चक्कर में इसका काम आनन-फानन में किया गया था, इसी कारण यह समस्या पेश आई।
भाजपा बूथ अध्यक्ष शुदारंग वियोम बिष्ट के अनुसार उक्त परिसर में मिट्टी के धंस जाने से धरातल में बने दो अन्य कमरों में भी सैलाब आ रहा है। धरातल के दो कमरे, जिसमें एक तरफ पशुपालन विभाग का औषधि केंद्र है तो दूसरी तरफ शुदांरग क्लब का कार्यालय चल रहा है। दोनों में पानी का रिसाव हो रहा है। पंचायत ने जल्दबाजी में इसका उद्घाटन करवाकर सरकारी धन का दुरूपयोग किया है। परिसर को बनाने के लिए लाडा से 17 लाख 22 हजार रुपये की धनराशि का खर्च हुई है। जल्दबाजी में कच्चा मलबा बिछाकर रेड स्टोन बिछा दिया था, जिसके चलते आज डेढ़ वर्ष के भीतर ही यह स्टोन उखड़ गया है। अन्य दो कमरों में भी लगातार सैलाब आ रहा है। संयुक्त व्यापार मंडल जिला किन्नौर अध्यक्ष गजेंद्र नेगी, उप प्रधान शुदारंग पंचायत दलीप नेगी, राजन दास नेगी, विकास नेगी, धर्मेंद्र नेगी, बलबीर नेगी और अनिल बैठक स्थल की दशा सुधारने की मांग की है।
वहीं शुदारंग पंचायत प्रधान बीना कुमारी नेगी के अनुसार पंचायत भवन परिसर के उद्घाटन के चक्कर में कोई जल्दबाजी में कार्य नहीं किया गया है। इस वर्ष भारी बर्फबारी के कारण पानी जमा होने से जमीन धंस गई है, जिसे ठीक करवाया जा रहा है। अभी फिलहाल इसमें गटका बिछाया जाएगा और सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मेटलिंग कर स्टोन बिछा दिया जाएगा।