अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील के भाटानाल के ग्रामीणों को दो महीने से पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। लोगों में रोष है कि इस संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल आईपीएच के अधिकारियों से भी मिला था, लेकिन समस्या के समाधान के लिए अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। लोगों के अनुसार पानी का स्टोरेज टैंक नाकाफी है, इसी कारण दिक्कतें आ रही हैं।
भाटानाल निवासी दयाल सिंह, यशपाल, जग्गी राम, संगत राम, प्रमोद, विनोद, राजू राम, निहाल सिंह, नरेंद्र और कर्म दास आदि के अनुसार इस समस्या को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल जून माह में आईपीएच विभाग के एसडीओ से मिला था। इस क्षेत्र में 17 गांव आते हैं, जहां पर पेयजल आपूर्ति के लिए केवल 10 हजार लीटर पानी का स्टोरज टैंक बना है, जो नाकाफी साबित हो रहा है। ऐसे में भाटानाल गांव के लोग गांव से कई किलोमीटर दूर से पानी वाहनों या फिर ढोकर लाने को मजबूर हैं। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे रामपुर स्थित आईपीएच विभाग के कार्यालय का घेराव और आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। वहीं आईपीएच विभाग ननखड़ी के एसडीओ विवेक शर्मा ने कहा कि भाटानाल गांव के लिए नई पाइप लाइन बिछाने का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा, इसके लिए विभाग ने टेंडर अवार्ड कर दिए गए हैं।