अमर उजाला ब्यूरो
ठियोग (रामपुर बुशहर)। चार दिवसीय अंडर -14 खेल प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल में किया गया। इस मौके पर विभिन्न स्कूलों से पहुंचे 625 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर लोकनृत्य में छात्र विद्यालय ठियोग ने पहला और छात्रा विद्यालय ठियोग ने दूसरा स्थान पर कब्जा जमाया। वहीं समूह गान में छात्र स्कूल प्रथम और एकांकी प्रतियोगिता में एमपीएस फागू ने पहला, ज्ञान ज्योति स्कूल ने दूसरा स्थान झटका। खेलों के शुभारंभ में पंचायत समिति अध्यक्ष मदन लाल वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समापन समारोह में क्षेत्र के पूर्व विधायक राकेश वर्मा बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे।
खंड ठियोग के समन्वयक एवं छात्र विद्यालय ठियोग के प्रधानाचार्य संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि वॉलीबाल स्पर्धा के छात्र वर्ग में मॉर्डन पब्लिक स्कूल फागू ने पहला और क्यारटू ने दूसरा स्थान झटका। वहीं छात्रा वर्ग में क्यारटू स्कूल प्रथम और सरोग विद्यालय ने दूसरे स्थान पर कब्जा किया। छात्र वर्ग के कबड्डी में ज्ञान ज्योति स्कूल पहले और डीएवी स्कूल ठियोग दूसरे स्थान पर रहा। छात्रा वर्ग में एपीएस चियोग प्रथम और छात्रा विद्यालय ठियोग दूसरे स्थान पर रहा। खो-खो में छात्र विद्यालय ठियोग ने प्रथम और हिमालयन स्कूल ठियोग दूसरे स्थान पर रहा। छात्रा वर्ग में छात्रा विद्यालय ठियोग ने पहला और जुग्गर स्कूल ने दूसरा स्थान झटका। बैडमिंटन में डीएवी ठियोग प्रथम और क्यारटू स्कूल दूसरा स्थान झटका। योग में हिमालयन स्कूल ठियोग ने पहला और ज्ञान ज्योति स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। भाषण में जुग्गर स्कूल ने पहला और हिमालयन पब्लिक स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में छात्र और छात्रा विद्यालय ठियोग को सर्वश्रेष्ठ टीमों के लिए चुना गया। प्रधानाचार्य संजीव शर्मा ने खेलों के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया।