अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल/रोहड़ू। चौपाल में तीन दिवसीय समर फेस्टिवल का शनिवार को विधिवत आगाज हो गया। समर फेस्टिवल का आयोजन चूड़ेश्वर स्पोर्ट्स एवं कल्चर क्लब चौपाल के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले समर फेस्टिवल का आगाज आयोजक समिति के अध्यक्ष देवदत्त शर्मा ने किया। फेस्टिवल में आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ विधायक बलवीर सिंह वर्मा करेंगे। फेस्टिवल के समापन अवसर पर मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस दौरान सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन दो दिनों तक किया जाएगा।
समर फेस्टिवल के पहले दिन की सांस्कृतिक संख्या में काकू चौहान, देवेंद्र ठाकुर, सुलेखा बरसांटा और संजीव शर्मा ने प्रस्तुतियां दीं। 30 जून को हेमंत शर्मा, कृतिका तनवर, डॉ. मदन जालटा तथा मिस्टर डोनी अपनी आवाज से क्षेत्र की जनता भरपूर मनोरंजन करेंगे। वहीं इस दौरान कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। वॉलीबाल में पंजाब पुलिस, एचएसआईडीसी पंचकूला, मस्ताना साहिब संगरूर, रेलवे, हरियाणा पुलिस और अमरगढ़ की टीमें हिस्सा ले रही हैं। वहीं कबड्डी में मलोया कोचिंग सेंटर चंडीगढ़, स्पोर्ट्स क्लब ऊना, नालागढ़, साईं हॉस्टल बिलासपुर, शास्त्री एकेडमी सोनीपत, चंडीगढ़ एसोसिएशन, हिमाचल सचिवालय और एसीपीएसईबी हिमाचल की टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता के पहले चरण में कबड्डी में चंडीगढ़ ने ऊना को 13 अंकों से पराजित किया। वॉलीबाल स्पर्धा में मैदान में उत्तरी रेलवे को पंजाब पुलिस ने 2-0 से पराजित किया। इस मौके पर चूड़ेश्वर स्पोर्ट्स एवं कल्चर क्लब चौपाल क्लब के महासचिव लायक राम शर्मा, दीपक पनाइक, धिरेंद्र चौहान, कुलदीप झगटा, राजेंदर चौहान, संदीप भोटा, राजेश चौहान, राजेश चंदेल, शशि चौहान, राजेंद्र शर्मा, राजेश शर्मा, रविंद्र मेहता, प्रताप शर्मा, सुनील मेहता, ज्योति चौहान, शशि बरागटा, सीता राम ठाकुर, हरी नंद मेहता, विनोद पनाइक, उषा गजटा, चंद्र प्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।