अंधड़ से 40 प्रतिशत फसल बरबाद, फलों से लदे पेड़ टूटे
रामपुर और शलाटी वैली में बागवानों की मेहनत पलभर में तबाह
प्रभावित बागवानों ने प्रदेश सरकार से मुआवजे की लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
नोगली (रामपुर बुशहर)। रामपुर खंड की शलाटी वैली मेें अंधड़ के कारण बागवानों को काफी नुकसान पहुंचा है। बगीचों में सेब और नाशपाती से लदे पेड़ टूटकर गिर गए। पेड़ों के नीचे फलों के ढेर लग गए। अचानक मौसम में आई तबदीली से प्रभावित बागवानों के अनुसार अब फसल की बेहतर पैदावार की उम्मीद टूट गई है। 30 से 40 प्रतिशत फसल इस अंधड़ के कारण बर्बाद हो गई।
वीरवार दोपहर बाद बागवानों को कुदरत की मार झेलनी पड़ी। अंधड़ ने सेब और नाशपाति की तैयार फसल को बरबाद कर दिया। फलदार पेड़ों को भी उखाड़ फेंका। वहीं रामपुर उपमंडल के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी ओलावृष्टि के बाद अंधड़ ने सेब और नाशपाति की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया। शलाटी वैली के कमलाऊ, मसारना, छलावट, रामपुर उपमंडल की देवनगर पंचायत और सनाथली सहित कई अन्य इलाकों में भी बागवानों को काफी नुकसान हुआ है।
इलाके के मोहन सिंह, देवेंद्र कायथ, गोविंद ठाकुर, देवेंद्र चौहान, संजीव कायथ, उत्तम, अजय चौहान, प्रेम राज कायथ, लेख राज, त्रिलोक कायथ, सोनू चौहान, तिलक राज, अशोक कुमार, दयाल सिंह, साजन चौहान, राकेश चौहान और प्रताप सहित कई अन्य बागवानों के अनुसार अंधड़ के चलते सेब की फसल को नुकसान पहुंचा है। बागवानों ने कहा कि पहले ओलावृष्टि और अब अंधड़ से सेब और नाशपाति की फसल को नुकसान पहुंचा है और फलों से लदे कई पेड़ क्षतिग्रस्त हो गए हैं। फसल की बेहतर पैदावार होने की उम्मीद बार-बार टूट रही है। करीब 30 से 40 प्रतिशत फसल बर्बाद हो चुकी है। बागवानों ने प्रदेश सरकार से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है।
वहीं इस संबंध में एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने कहा कि अंधड़ से सेब की फसल को नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है। जल्द ही नुकसान की आकलन रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी।