आनी (कुल्लू)। कुल्लू के बंजार बस हादसे के बाद प्रदेश सरकार और परिवहन विभाग के ओवरलोडिंग न करने के फरमान से स्कूली बच्चों सहित आम लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए बसों में जगह नहीं मिल पा रही है। इसी मुद्दे को लेकर आनी मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर पुनन खड्ड के पास स्कूली छात्रों ने वीरवार सुबह 8:30 बजे से चक्का जाम कर दिया। छात्रों ने आनी-दलाश वाया चवाई मार्ग को बंद किया, जो सात घंटे बाद बहाल हो पाया।
स्कूली छात्रों का कहना है कि उन्हें स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। बसों में ओवरलोड न होने के चलते उन्हें बैठाया नहीं जा रहा है, जिसके चलते उन्हें विद्यालय तक पहुंचने के लिए करीब 8 से 10 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ रहा है। स्कूली छात्र अतिरिक्त बस की मांग उठा रहे हैं।
वहीं बसों की कमी के चलते आनी उपमंडल के कई जगह पर धरना-प्रदर्शन जारी है। आनी मुख्य बस अड्डे पर सीपीआईएम इकाई आनी द्वारा चक्का जाम और धरना प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य गेट पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे लगभग 3 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि आनी में सब डिपो तो खोल दिया गया है, लेकिन अभी तक बसों को नहीं भेजा गया है। आनी क्षेत्र बसों की कमी से पहले ही जूझ रहा है। इसके चलते खासकर स्कूली छात्रों को आने-जाने में काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
सीपीआईएम इकाई आनी ने मांग की है कि आनी के लिए अतिरिक्त बसें जल्द भेजी जाएं, जिससे ओवरलोड न करने से होने वाली समस्या से निपटा जा सके।
एसडीएम आनी चेत सिंह के आश्वासन के बाद ही चक्का जाम समाप्त हुआ और तीन घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। एसडीएम ने कहा कि स्कूली छात्रों को हर हाल में बस सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
एसएफआई इकाई आनी ने भी कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को एक ज्ञापन भेजा। इकाई अध्यक्ष विजय और सचिव ललित के अनुसार कॉलेज में लगभग 700 बस पास बने हुए हैं। बावजूद इसके कॉलेज के लिए मात्र 2 बसें ही लगी हैं, जिसके कारण छात्रों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। कॉलेज के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। यदि जल्द से जल्द बसों का प्रावधान नहीं किया गया तो एसएफआई 3 जुलाई को सरकार और परिवहन विभाग के खिलाफ आम छात्रों को लामबंद कर उग्र आंदोलन करेगी।