ओवरलोडिंग वाहनों पर कसा जाएगा शिकंजा
जिले के थानों का निरीक्षण करने के बाद बोले पुलिस महानिदेशक
अधिकारी ने किन्नौर पुलिस टीम के बेहतरीन कार्यों को जमकर सराहा
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। प्रदेश पुलिस के महानिदेशक एसआर मरडी ने सोमवार को जिला किन्नौर के थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी क्राइम रिपोर्ट का भी निरीक्षण करने के बाद उन्होंने पुलिस टीम के कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा के नेतृत्व में किन्नौर पुलिस बेहतरीन कार्य कर रही है। जिला किन्नौर में सड़क हादसों को कम करने और वाहनों में ओवर लोडिंग करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर सख्ती बरती जाएगी। पुलिस का इरादा किसी भी नागरिक को तंग करना नहीं है, लेकिन दुर्घटनाओं और क्राइम को रोकने के लिए थोड़ी सख्ती करनी पड़ती है।
गौरतलब है रि सीताराम मरडी इन दिनों दो दिवसीय किन्नौर दौरे पर हैं इस दौरान उन्होंने पुलिस थाना भावानगर, पुलिस चौकी कल्पा, पुलिस थाना रिकांगपिओ और पुलिस लाइन रिकांगपिओ का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शिकायत एवं समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान रिकांगपिओ थाना में मालखाना, किचन, बैरक और क्राइम रिकॉर्ड भी चैक किया। इस मौके पर सभी पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।